Patna University : पटना विश्वविद्यालय में एडमिशन प्रक्रिया इस महीने के अंत तक शुरू हो सकती है. फिलहाल कुलपति गिरीश कुमार चौधरी समेत कई कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित होने के कारण प्रशासनिक कार्य धीमे पड़ गए हैं.
नई दिल्ली. बिहार बोर्ड के 10वीं और 12वीं का रिजल्ट आने के बाद लाखों छात्र पटना विश्वविद्यालय में एडमिशन प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं. अब पटना विश्वविद्यालय से एडमिशन को लेकर अपडेट आ गया है. रिपोर्ट के अनुसार एडमिशन प्रक्रिया इस महीने के आखिर में शुरू हो सकती है. विश्वविद्यालय के अधिकारियों का कहना है कि कुलपति गिरीश कुमार चौधरी समेत कई कर्मचारी कोरोना संक्रमण से जूझ रहे हैं. इसके कारण विश्वविद्यालय का प्रशासनिक कार्य धीमा हो गया है.
पटना विश्वविद्यालय के अधिकारियों के अनुसार, एडमिशन प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए यूनिवर्सिटी इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम शुरू किया जा रहा है. विश्वविद्यालय के डीएसडब्लू एनके झा ने कहा कि यूएमआईएस के लिए एक एजेंसी की सेवाएं ले रहे हैं. एडमिशन प्रक्रिया मई के अंत तक शुरू होने की संभावना है. लॉकडाउन समाप्त होने के बाद जल्द ही यूजी और पीजी में एडमिशन के संबंध में घोषणा की जाएगी. वहीं, विश्वविद्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस बात के भी संकेत दिए कि स बार एडमिशन के लिए होने वाली इंटरव्यू प्रक्रिया रद्द हो सकती है.
15 जून से शुरू होगी वीर कुंवर सिंह विवि में एडमिशन प्रक्रिया
आरा स्थित वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के यूजी और पीजी कोर्स में एडमिशन प्रक्रिया 15 जून से शुरू होगी. एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन के लिए नोटिफिकेशन एक सप्ताह में जारी की जाएगी. इसकी जानकारी छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो. केके सिंह ने दी है. उन्होंने बताया कि स्नातक, सत्र 2021-24 और स्नातकोत्तर सत्र 2020-22 में एडमिशन के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है. वहीं, पीएचडी एडमिशन टेस्ट (पैट) 2020 की परीक्षा आगामी दो जून को आयोजित होगी.


0 टिप्पणियाँ