इजरायल और हमास के बीच चलने वाला संघर्ष विराम टूट गया। इसके बाद अब इजरायल ने एक बार फिर गाजा पर बम बरसाने शुरू कर दिए हैं। संघर्ष विराम टूटने के पीछे हमास को जिम्मेदार माना जा रहा है। क्योंकि शर्त के मुताबिक उसने महिला बंधकों को छोड़ने से मना कर दिया था।
हाइलाइट्स
- इजरायल और हमास के बीच फिर संघर्ष शुरू हो गया है
- दोनों के बीच एक सप्ताह तक चला सीजफायर टूट गया
- सीजफायर खत्म होने के बाद इजरायल ने गाजा पर बम दागे
तेल अवीव: इजरायल और हमास के बीच चलने वाला अस्थाई संघर्ष विराम इस सप्ताह टूट गया। इजरायल ने एक बार फिर गाजा पर बम बरसाना शुरू कर दिया है। इसे पीछे का कारण हमास है। क्योंकि हमास ने 10 महिला बंधकों को रिहा करने से इनकार कर दिया था। इसके बदले वह अन्य बंधकों को रिहा करना चाहते थे। वाल्ला न्यूज आटलेट के मुताबिक शुक्रवार को तीन इजरायली अधिकारियों ने कहा कि कतर की मध्यस्थता से हुए समझौते की शर्तों में साफ-साफ यह बात कही गई थी कि हमास पहले गाजा में बंधक बनाई सभी महिलाओं और बच्चों को रिहा करेगा और इजरायल 10 दिनों तक लड़ाई रोकने पर सहमत होगा।
इजरायली अधिकारियों ने कहा, 'यह डील महिला और बच्चों से जुड़ी थी। हमें ऐसा लगता है कि हमास उनकी कैद में महिलाओं की संख्या को लेकर झूठ बोल रहा है।' संघर्ष विराम पिछले शुक्रवार यानी 24 नवंबर से शुरू हुआ और लगभग एक सप्ताह तक चला। जिसमें हमास की कैद में 50 दिनों तक रहने के बाद बंधकों की रिहाई हुई। सीजफायर के दौरान गाजा से 105 बंधक रिहा किए गए, जिसमें 81 इजरायली, 23 थाई और एक फिलिपींस का नागरिक शामिल था।
इजरायल ने बदले में क्या दिया
इजरायल ने 105 बंधकों के बदले 210 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा किया। इनमें से सभी महिलाएं या नाबालिग थे। इसके साथ ही सीजफायर के दौरान इजरायल ने गाजा में मानवीय सहायता की अनुमति दी थी। 7 अक्टूबर को हमास के हमले के बाद पहली बार यह संघर्ष विराम था। 7 अक्टूबर को हमास की ओर से अचानक इजरायल पर हमला कर दिया गया था। इस हमले में 1400 इजरायली मारे गए थे। वहीं हमास ने 240 लोगों को बंधक बना लिया था, जिन्हें गाजा ले जाया गया था।
डील कैसे टूटी
संघर्ष विराम के आठवें दिन से पहले हमास रिहाई के लिए निर्धारित बंधकों की लिस्ट देने में फेल रहा। इसकी जगह उसने कतर और मिस्र के मध्यस्थों के जरिए एक संदेश भेजा कि वह पुरुष बंधकों को छोड़ने को तैयार है। हमास ने उन बंधकों के शवों को देने का भी प्रस्ताव रखा जो कैद के दौरान मारे गए। इजरायल ने इसके जवाब में कहा कि वह जानता है कि हमास की कैद में अभी भी 17 महिलाएं और दो बच्चे हैं। इसमें 10 महीने का बच्चा भी है। जब तक इन्हें नहीं छोड़ा जाता वह दूसरी कैटेगरी के बंधकों को नहीं लेगा।


0 टिप्पणियाँ